8.1 C
London

उधमसिंहनगर:वन विभाग और लकड़ी तस्करों के बीच खूनी मुठभेड़, 75 राउंड चली गोलियां; तीन बाइक और सागौन की लकड़ी छोड़कर भागे तस्कर

वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बचे, तस्करों ने 40-45 राउंड की फायरिंग तो वनकर्मियों ने आत्मरक्षा में चलाईं 30-35 गोलियां, जंगल में फरार आरोपियों की तलाश तेज

 उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद में लकड़ी तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे वन विभाग की टीम पर भी जानलेवा हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा मामला तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की बरहनी रेंज से सामने आया है, जहां शुक्रवार रात सागौन की लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंची वन विभाग की एसओजी टीम और तस्करों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा जंगल गोलियों की आवाज से गूंज उठा। तस्करों ने वनकर्मियों को निशाना बनाते हुए करीब 40 से 45 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में वन विभाग की टीम ने आत्मरक्षा में करीब 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 27 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे बरहनी रेंज के बोर नदी जीरो पॉइंट के पास वन विभाग की एसओजी टीम को सागौन की लकड़ी की तस्करी की सूचना पर निगरानी के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि टीम को लंबे समय से इस क्षेत्र में लकड़ी तस्करों की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इसी के चलते वनकर्मी जंगल में तस्करी रोकने के लिए मुस्तैदी से निगरानी कर रहे थे।

रोकने पर तस्करों ने शुरू कर दी अंधाधुंध फायरिंग

इसी दौरान वन विभाग की टीम का सामना सागौन की लकड़ी की तस्करी में शामिल लोगों से हो गया। वनकर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो तस्करों ने अचानक टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तस्करों की ओर से लगातार गोलियां चलाई जाने लगीं। अपनी जान और सरकारी वन संपदा की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब 75 राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है।

तीन बाइक और सागौन के गिल्टे छोड़कर जंगल में भागे तस्कर

गोलीबारी के दौरान वन दरोगा धन सिंह अधिकारी भी तस्करों के निशाने पर आ गए, लेकिन उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई और बाल-बाल बच गए। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद तस्करों को मौके से पीछे हटना पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी अपनी तीन मोटरसाइकिलें और तस्करी के लिए काटकर रखे गए सागौन की लकड़ी के गिल्टे मौके पर ही छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

डीएफओ ने भेजी अतिरिक्त टीम, पुलिस को दी सूचना

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने तत्काल अतिरिक्त वनकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा। साथ ही पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस को भी दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके से तीन मोटरसाइकिलें और सागौन की लकड़ी के गिल्टे बरामद कर कब्जे में ले लिए हैं। अब विभाग की ओर से फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

वन अधिनियम के तहत दर्ज होगा मुकदमा

इस संबंध में डीएफओ उमेश चंद तिवारी ने बताया कि मामले में वन विभाग की ओर से तहरीर दी जाएगी। तहरीर के आधार पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की टीम फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर जंगलों में सक्रिय लकड़ी तस्करों के दुस्साहस और वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फायरिंग करने वाले तस्कर कब तक कानून के शिकंजे में आते हैं।

 

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Manish Kashyap
Manish Kashyap
हमारा उद्देश्य देश, प्रदेश की हर ताजा खबर सत्यता के साथ सबसे तेज सबसे पहले आप तक पहुंचाना है।
Latest news
Related news

You cannot copy content of this page