ऑपरेशन प्रहार से लेकर नशा तस्करों और खूंखार अपराधियों पर कार्रवाई तक… SSP अजय गणपति की सख्त कार्यशैली से अपराधियों में खौफ, पुलिस का इकबाल बुलंद।
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख लगातार सुर्खियों में है। खासकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति के नेतृत्व में जिला पुलिस जिस तेजी और सक्रियता के साथ बड़ी आपराधिक घटनाओं का खुलासा कर रही है, उसने अपराधियों के बीच कानून का खौफ पैदा करने का काम किया है। इसका ताजा उदाहरण बीते दिनों रुद्रपुर जिला अस्पताल में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज हत्याकांड में देखने को मिला, जहां पुलिस ने घटना के बाद महज 12 घंटे से भी कम समय में मामले का खुलासा कर दिया। इतना ही नहीं, मुख्य आरोपी अमन प्रजापति को 24 घंटे के भीतर बरेली से गिरफ्तार कर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अपनी तेजतर्रार कार्यशैली का परिचय दिया।
दिनदहाड़े जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हुई इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। अस्पताल जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर हुई हत्या ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया, लेकिन SSP अजय गणपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस की विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने बिना समय गंवाए लगातार दबिश दी और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश भी दिया कि अपराध करने के बाद जिले से बाहर भाग जाना अपराधियों के लिए बच निकलने का रास्ता नहीं है।
दरअसल, ऊधमसिंहनगर जनपद में SSP अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस की सक्रियता केवल एक हत्याकांड तक सीमित नहीं है। कार्यभार संभालने के बाद से ही उन्होंने जिले में अपराध नियंत्रण, नशे के कारोबार पर अंकुश और संगठित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ स्पष्ट रणनीति के साथ काम शुरू किया। एक तरफ जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया, तो दूसरी तरफ पुलिस को चुनौती देने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ भी लगातार सख्त कार्रवाई की गई।
नशा तस्करों पर लगातार प्रहार
SSP अजय गणपति ने नशे के कारोबार को युवाओं और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती मानते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर बड़ी संख्या में नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके नेटवर्क पर प्रहार किया। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से साफ संकेत मिला कि जनपद में नशे के सौदागरों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।
मुठभेड़ों में अपराधियों को मिला पुलिस का जवाब
दूसरी ओर, जिले में पुलिस को चुनौती देकर गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई लगभग 8 पुलिस मुठभेड़ों के दौरान कई शातिर अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल होकर गिरफ्तार हुए। इन कार्रवाइयों ने अपराधियों को यह संदेश दिया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस किसी भी स्तर पर पीछे हटने वाली नहीं है। SSP की रणनीति के तहत पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ उनके आपराधिक नेटवर्क को भी निशाने पर लिया।
ऑपरेशन प्रहार के तहत स्पा सेंटरों में बड़ी कार्रवाई
SSP अजय गणपति की कार्यशैली का एक और महत्वपूर्ण उदाहरण बीते अप्रैल माह में देखने को मिला, जब रुद्रपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कई स्पा सेंटरों पर एक साथ कार्रवाई कर वहां संचालित देह व्यापार का खुलासा किया था। इस दौरान पुलिस ने 10 ग्राहकों को गिरफ्तार किया और 19 महिलाओं का सकुशल रेस्क्यू कराया। इस कार्रवाई ने शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की गंभीरता को उजागर किया। साथ ही यह संदेश भी दिया कि कानून की आड़ में अनैतिक और अवैध कारोबार संचालित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
हर बड़ी वारदात पर कप्तान की सीधी नजर
जनपद में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई के बीच SSP अजय गणपति की कार्यप्रणाली का एक प्रमुख पहलू यह भी सामने आया है कि वह बड़ी घटनाओं को लेकर केवल अधीनस्थ अधिकारियों पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि जरूरत पड़ने पर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हैं और पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी से लेकर विवेचना की प्रगति तक पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर उनका विशेष जोर दिखाई देता है।
यही वजह है कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी कार्यशैली की चर्चा लगातार हो रही है। पुलिस महकमे में अनुशासन, फील्ड में सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने की उनकी रणनीति का असर कई मामलों में देखने को मिला है।
कुल मिलाकर कहा जाए तो उत्तराखंड के संवेदनशील जनपद ऊधमसिंहनगर में अपराध नियंत्रण अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां पुलिस को नशा तस्करी, संगठित अपराध, हत्या, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से लगातार दो-चार होना पड़ता है। ऐसे में SSP अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
साफ है संदेश—अपराध करके भागने की कोशिश करने वाले अपराधियों को पुलिस ढूंढ निकालेगी और कानून के शिकंजे तक पहुंचाकर ही दम लेगी। रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड में 12 घंटे से कम समय में खुलासा और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी इसी पुलिसिंग का ताजा उदाहरण है।



