रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर में तेजतर्रार IPS मणिकांत मिश्रा का अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लगातार जारी है। रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्या प्रकरण में फरार चल रहे एक और आरोपी को रुद्रपुर पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जनपद में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस रेशमबाड़ी हत्याकांड के मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 में वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस और फरार आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू, उम्र 25 वर्ष, निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि रेशमबाड़ी में 26 नवंबर की रात हुए खूनी संघर्ष में चाकूबाजी के दौरान लीलाधर की मौत हो गई थी, जबकि राहुल समेत अन्य लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस मुठभेड़ में शिवम उर्फ बर्गर की गिरफ्तारी को मामले में एक और बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
SSP मणिकांत मिश्रा का साफ संदेश—अपराध कर भागने वालों की खैर नहीं!
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई से फरार आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। फिलहाल घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।



