8 C
London

रुद्रपुर में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, दो दिन में 738 चालान और 117 वाहन सीज ओवरस्पीडिंग के 201 और बिना हेलमेट के 192 चालान, नशे में वाहन चलाने पर 21 के खिलाफ कार्रवाई

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने रुद्रपुर समेत ऊधम सिंह नगर जिले में दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। 27 और 28 अक्टूबर 2026 को दिन-रात चले इस अभियान में परिवहन विभाग ने पुलिस और अन्य विभागों के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा।

संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष नजर रखी गई।

दो दिन में 738 चालान, 117 वाहन सीज

परिवहन विभाग की कार्रवाई के दौरान कुल 738 चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 117 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर 201 चालान किए गए। वहीं, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 192 चालान काटे गए।

ओवरलोडिंग के मामलों में भी विभाग ने सख्ती दिखाई। भार वाहनों में ओवरलोडिंग के 53 और यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के 47 मामले सामने आए। इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने पर 21 वाहन चालकों के खिलाफ अभियोग की कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग के अनुसार, यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।

कई प्रवर्तन दलों ने संभाला मोर्चा

इस विशेष अभियान में रुद्रपुर, हल्द्वानी, काशीपुर, मझोला और सुतईया सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रवर्तन दलों तथा इंटरसेप्टर टीमों ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी सख्ती

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। साथ ही, वाहनों में क्षमता से अधिक भार या सवारियां न बैठाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज और रिफ्लेक्टर टेप दुरुस्त रखें।

परिवहन विभाग का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित रखा जा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Manish Kashyap
Manish Kashyap
हमारा उद्देश्य देश, प्रदेश की हर ताजा खबर सत्यता के साथ सबसे तेज सबसे पहले आप तक पहुंचाना है।
Latest news
Related news

You cannot copy content of this page