350 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 4 भट्टियां ध्वस्त कर 10 हजार लीटर लहन नष्ट; 14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी गिरफ्तार
नानकमत्ता/ऊधमसिंह नगर। जनपद ऊधमसिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ एसएसपी अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई कराई। एसएसपी के निर्देशन में पिछले 10 घंटों से चले इस अभियान में अवैध असलहा रखने वालों, कच्ची शराब के कारोबारियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अभियान के दौरान एसएसपी अजय गणपति स्वयं मौके पर मौजूद रहे।

एसपी सिटी रुद्रपुर के नेतृत्व में 10 पुलिस टीमों ने नानकमत्ता क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग और दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे, 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए। बरामद तमंचे 315 बोर और 12 बोर के बताए गए हैं।

कच्ची शराब के कारोबार पर भी प्रहार
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने चार कच्ची शराब की भट्टियों को नष्ट करते हुए करीब 10 हजार लीटर लहन भी नष्ट किया।
14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 14 संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं, दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्यूआर कोड स्कैनर और 12 लाख रुपये मिलने से साइबर अपराध की आशंका
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस को इस मामले में साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका है। बरामदगी के संबंध में जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई इकाइयों ने संभाला मोर्चा
ऑपरेशन में एसपी सिटी रुद्रपुर के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में पुलिस बल की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। अभियान में नानकमत्ता, झनकईया, पुलभट्टा और दिनेशपुर समेत विभिन्न थानों का पुलिस बल, पीएसी, एसओजी, पुलिस लाइन और एंटी-राइट टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
एसएसपी अजय गणपति ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के अन्य थाना और कोतवाली क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। अवैध असलहा, साइबर अपराध, कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन सफाया के तहत हुई इस कार्रवाई को नानकमत्ता क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस का बड़ा अभियान माना जा रहा है।



