- *कामकाज के आधार पर पुलिस अधिकारियों को मिली नई तैनाती, चुनाव के मद्देनजर भी अहम माने जा रहे तबादले**
रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आईपीएस अजय गणपति ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। एसएसपी ने एक इंस्पेक्टर समेत कई उपनिरीक्षकों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
खास बात यह है कि इन तबादलों को लेकर एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों के कामकाज और उनकी कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए गहन मंथन किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई। इन बदलावों को जिले में कानून व्यवस्था का इकबाल बुलंद करने और आगामी चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तबादला सूची के तहत इंस्पेक्टर संजय पाठक को रुद्रपुर कोतवाली की कमान सौंपी गई है। वहीं तेजतर्रार उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली को प्रभारी चौकी सिडकुल सितारगंज की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा रमपुरा चौकी प्रभारी को चौकी सरकड़ा की कमान सौंपी गई है, वही महेश कांडपाल को प्रभारी चौकी रामपुर बनाया गया है।

एसएसपी अजय गणपति के इस कदम को जिले में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अब नई जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिस अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने की चुनौती होगी।



