पुलिस लाइन रुद्रपुर में आज कुमाऊं परिक्षेत्र की मासिक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रेंज, नैनीताल IPS रिद्धिम अग्रवाल ने की। गोष्ठी में कुमाऊं के सभी जनपद प्रभारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान IG ने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, तकनीकी कार्यवाही और विशेष अभियानों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
अपराध व विवेचना पर सख्ती
IG ने वर्ष 2015 से पूर्व के NDPS मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। वहीं, पुराने वाहनों के निस्तारण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। लंबे समय से लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया।

लैण्ड फ्रॉड और अभियोगों की समीक्षा
लैण्ड फ्रॉड से जुड़े मामलों में साक्ष्य संकलन और पारदर्शिता पर विशेष बल दिया गया। न्यायालय के आदेश या बिना संस्तुति दर्ज मामलों में प्रक्रियात्मक शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
विशेष अभियान तेज करने के निर्देश
ऑपरेशन स्माइल के तहत गुमशुदा लोगों की बरामदगी में तकनीक के अधिक उपयोग पर जोर दिया गया। अज्ञात शवों की शिनाख्त, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
तकनीकी और कानूनी कार्यवाही पर फोकस
NAFIS और MCU की कार्यप्रणाली को मजबूत करने, गैंगस्टर एक्ट, NDPS और PIT NDPS के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। साथ ही BNS की धाराओं में की गई कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा हुई।
बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर
IG ने बीट पुलिसिंग को पुलिस व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बीट आरक्षियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, जनसंवाद और संवेदनशील व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
न्यायालयीय पैरवी पर निर्देश
केस ऑफिसर स्कीम के तहत लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी और अभियोजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके।
अधिकारियों को सख्त संदेश
IG रिद्धिम अग्रवाल ने सभी जनपद प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
गोष्ठी में SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, SSP ऊधमसिंहनगर अजय गणपति समेत कुमाऊं रेंज के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



