उत्तराखण्ड की सियासत में कल बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में एक बड़ा सियासी घटनाक्रम होने की संभावना है, जिसमें कई प्रभावशाली नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल, घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल और रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल जल्द कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। सूत्रों के अनुसार इन नेताओं की ज्वाइनिंग दिल्ली में कराई जा सकती है।
इसके अलावा भीमताल से वर्तमान जिला पंचायत सदस्य लाखन सिंह नेगी, मसूरी के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और रुड़की के यशपाल राणा के नाम भी इस संभावित सियासी बदलाव में सामने आ रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इन नेताओं का अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत जनाधार है। ऐसे में यदि यह घटनाक्रम सच होता है, तो प्रदेश की कई सीटों पर नए राजनीतिक समीकरण बन सकते हैं और सियासत में हलचल तेज होना तय माना जा रहा है।



