9 C
London

सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे एसएसपी अजय गणपति , ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर किया जनसंवाद

झनकईया (ऊधमसिंहनगर)। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने शनिवार को थाना झनकईया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेखों और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर, थाना कार्यालय, मैस और कर्मचारी बैरकों का जायजा लिया। साथ ही थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें सुव्यवस्थित रखने और समय-समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी।

 

इसके अलावा एसएसपी ने थाने में तैनात सभी विवेचकों का ओआर लिया और लंबित मुकदमों की समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विवेचना के दौरान साक्ष्यों का सही संकलन करने और अभियोगों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के बाद एसएसपी अजय गणपति ने भारत-नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों का भी भ्रमण किया। उन्होंने ग्राम सिसैया और मेलाघाट के नावघाट क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पूर्व व वर्तमान ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और करीब 40-50 स्थानीय ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर जनसंवाद किया तथा उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

 

भ्रमण के दौरान एसएसपी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, गश्त और आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और पुलिस व एसएसबी के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए।

 

इस मौके पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। 🚨

Ad
Manish Kashyap
Manish Kashyap
हमारा उद्देश्य देश, प्रदेश की हर ताजा खबर सत्यता के साथ सबसे तेज सबसे पहले आप तक पहुंचाना है।
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page