रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए तस्करों पर कड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर 28 फरवरी 2026 से शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत मात्र पांच दिनों में 115 मुकदमे दर्ज कर 106 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी करते हुए 2,822 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही 61 अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त 1,47,645 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कई वाहनों को भी पुलिस ने सीज किया है।

थानावार कार्रवाई पर नजर डालें तो जसपुर में 7, कुण्डा में 5, काशीपुर में 10, आईटीआई में 6, बाजपुर में 10, केलाखेड़ा में 3, गदरपुर में 8, दिनेशपुर में 3, पंतनगर में 3, ट्रांजिट कैंप में 7, रुद्रपुर में 4, किच्छा में 8, पुलभट्टा में 5, सितारगंज में 13, नानकमत्ता में 7, खटीमा में 14 तथा झनकईया में 2 अभियोग दर्ज किए गए। इन कार्रवाइयों के दौरान बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद करने के साथ कई अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में लहन नष्ट किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



