अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी सफलता, 60-70 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
खटीमा। जनपद ऊधमसिंहनगर में खटीमा क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने मात्र 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में गठित टीमों ने लगभग 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतका का ही भतीजा हत्यारा निकला।
ऐसे हुआ खुलासा
18 फरवरी 2026 की देर रात डायल 112 के माध्यम से कोतवाली खटीमा पुलिस को सूचना मिली कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक मकान के भीतर वृद्ध महिला श्रीमती जानकी चंद का शव खून से लथपथ पड़ा है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
फील्ड यूनिट और आरएफएसएल कुमाऊं टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतका के पुत्र की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
60-70 कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास लगे करीब 60-70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में मृतका के भतीजे रवि चंद (33 वर्ष), निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा का नाम सामने आया।
झनकट से हुई गिरफ्तारी
21 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पैसों के लालच में की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल क्षेत्र में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पैसों की जरूरत के चलते 17 फरवरी की शाम वह मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा। भोजन करने के बाद मौका पाकर उसने मफलर से उनका मुंह और गला दबा दिया। संघर्ष में वृद्धा गिर गईं और रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद आरोपी अलमारी से पर्स लेकर फरार हो गया। शक से बचने के लिए उसने बाहर ग्रिल पर ताला लगाकर दरवाजे की कुंडी बंद कर दी।
पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित माल की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।
जनपद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।



