3.9 C
London

22 साल पुरानी मुराद पूरी होने पर महापौर का अभिनंदन आवास घोषणा पर सफाई कर्मचारी संघ ने जताया आभार

रुद्रपुर। नगर निगम के पर्यावरण मित्रों की दो दशक पुरानी आवास की मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ती दिख रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महापौर विकास शर्मा के प्रस्ताव पर सार्वजनिक मंच से आवास निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद पर्यावरण मित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इसी खुशी के मौके पर ‘देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ’ के बैनर तले नगर निगम परिसर में महापौर विकास शर्मा का जोरदार अभिनंदन किया गया। पर्यावरण मित्रों ने शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आभार जताया। इस अवसर पर महापौर ने कर्मचारियों को ट्रैक सूट भी वितरित किए।

बताया गया कि शहर के पर्यावरण मित्र पिछले 20–22 वर्षों से सरकारी आवास की मांग कर रहे थे। पूर्व में आश्वासन तो मिले, लेकिन मांग फाइलों में ही दबी रही। हाल ही में नगर निगम ने खेड़ा क्षेत्र में धार्मिक स्थल की आड़ में कब्जाई गई लगभग आठ एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। महापौर ने इसी भूमि में से एक एकड़ जमीन पर्यावरण मित्रों के आवास के लिए आरक्षित करने का वादा किया था।

गांधी पार्क में आयोजित ‘एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के दौरान महापौर ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सार्वजनिक मंच से अवगत कराया कि पर्यावरण मित्र वर्षों से अपने सिर पर छत की आस लगाए हुए हैं। महापौर के आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवास निर्माण की घोषणा कर दी। इसके बाद से वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

अभिनंदन समारोह में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री धामी जिंदाबाद और विकास शर्मा जिंदाबाद के नारे लगाए। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि जो कार्य 22 वर्षों में संभव नहीं हो पाया, उसे महापौर ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में साकार कर दिखाया है। यह घोषणा पर्यावरण मित्रों के संघर्ष और सम्मान का प्रतीक है।

इस मौके पर महापौर विकास शर्मा ने पर्यावरण मित्रों को “नगर निगम के असली हीरो” बताते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में मिले चार बड़े पुरस्कारों और प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने में पर्यावरण मित्रों का योगदान सराहनीय है।

महापौर ने आश्वासन दिया कि आवास निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाएगी और अपने कार्यकाल में ही इन आवासों को पर्यावरण मित्रों को समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में संघ के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, संदीप आजाद, लक्ष्मण चौहान, मुकेश राजौरिया, रंजीत कुमार, अशोक राजपाल, मुकेश सिंह, राजपाल सिंह, विनोद सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।

Ad
Manish Kashyap
Manish Kashyap
हमारा उद्देश्य देश, प्रदेश की हर ताजा खबर सत्यता के साथ सबसे तेज सबसे पहले आप तक पहुंचाना है।
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page