
रुद्रपुर। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहे फर्जी आधार कार्ड सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के मछली मार्केट रोड स्थित “गंगवार जनसेवा केन्द्र” पर छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि यहां अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे थे। मौके से चेतन कुमार (21 वर्ष) निवासी एन्चौरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उ.प्र.), हाल निवासी गड्ढा कॉलोनी, शिमलाबहादुर, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह PIXELLAB एप्लीकेशन के माध्यम से ग्राहकों की फोटो, नाम और पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अंकतालिकाएं तैयार करता था। इन दस्तावेजों का उपयोग सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था। दुकान और मोबाइल की जांच में भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, कूटरचित अंकतालिकाएं और डिजिटल प्रतियां बरामद हुईं। कंप्यूटर स्क्रीन पर भी फर्जी मार्कशीट की फाइलें खुली मिलीं।
बरामदगी
01 प्रिंटर
01 मॉनिटर/डेस्कटॉप
01 सीपीयू
01 कीबोर्ड व माउस
01 बायोमैट्रिक स्कैनर
40 फर्जी आधार कार्ड
53 फर्जी पैन कार्ड
कूटरचित अंकतालिकाएं व फोटोशीट पेपर
01 मोबाइल फोन (POCO कंपनी)
आरोपी के विरुद्ध थाना ट्रांजिट कैम्प में एफआईआर संख्या 58/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम
उ0नि0 विपिन जोशी (एसटीएफ)
उ0नि0 कृष्ण गोपाल मठपाल (एसटीएफ)
उ0नि0 अकरम अहमद (कोतवाली ट्रांजिट कैम्प)
अ0उ0नि0 चन्द्र प्रकाश बबाड़ी
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फर्जी दस्तावेज बनवाने या उपयोग करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



