खटीमा (उधम सिंह नगर):खटीमा क्षेत्र में संदिग्ध रासायनिक तरल के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और एक संदिग्ध तरल पदार्थ जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे थाना खटीमा प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह को सूचना मिली कि शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं। सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित मोहन सिंह रावल पुलिस टीम के साथ नागरिक अस्पताल खटीमा पहुंचे।
अस्पताल में दिल्लू राणा (52 वर्ष) निवासी कंजाबाग, खटीमा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मलकीत सिंह राणा और प्रवेश राणा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल, भोजीपुरा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मृत्यु हो गई। तीसरे व्यक्ति का उपचार जारी है।
डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट
उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. वी.पी. सिंह के अनुसार, मृतकों और घायल व्यक्ति से तीव्र केमिकल जैसी गंध आ रही थी, जिससे किसी जहरीले रासायनिक पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान
घायलों को अस्पताल लाने वाले श्रवण कुमार ने बताया कि तीनों व्यक्तियों ने शाम को 8 पीएम ब्लैक शराब के दो क्वार्टर खरीदे थे और वाहन से बाहर चले गए थे। लौटने के कुछ समय बाद दिल्लू राणा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तेज उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मौके से बरामदगी
पुलिस जांच में वाहन से
8 पीएम ब्लैक के दो खाली क्वार्टर
एक खाली आधी बोतल
एक संदिग्ध प्लास्टिक बोतल
उल्टी के नमूने
बरामद किए गए हैं। संदिग्ध बोतल से अत्यधिक तीव्र रासायनिक गंध पाई गई है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि वाहन में मौजूद संदिग्ध रासायनिक तरल को पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया गया, जिससे यह हादसा हुआ। सभी जब्त सामग्री को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही है।



