बाजपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने अवैध लीसा तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने टूरिस्ट बस में छिपाकर ले जाए जा रहे 348 कनस्तर अवैध लीसा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, चौकी सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र के छोई मोड़ पर चेकिंग के दौरान टूरिस्ट बस संख्या UK12-PB-0381 को रोककर तलाशी ली गई। बस की सभी सीटें उखाड़ी गई थीं और अंदर काली पन्नी बिछी हुई थी। पन्नी हटाकर तलाशी लेने पर बस के अंदर तथा डिग्गी से भारी मात्रा में लीसे के कनस्तर बरामद हुए।
मौके से मनोज सिंह, भवान सिंह, हेमचंद्र महतोलिया और पान सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि लीसा द्वाराहाट, अल्मोड़ा से बस में भरकर पुलभट्टा टोल प्लाजा के पास स्थित एक कंपनी में पहुंचाया जाना था और इसके बदले उन्हें कमीशन मिलना था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बरामद लीसे के परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना अथवा लाइसेंस और बस के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले में कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 309/2026, धारा 26/52 वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टूरिस्ट बस को भी सीज कर दिया है।
बरामदगी
– 348 कनस्तर अवैध लीसा — अनुमानित कीमत ₹10.50 लाख
– लीसा परिवहन में प्रयुक्त टूरिस्ट बस संख्या UK12-PB-0381
गिरफ्तार आरोपी
1. मनोज सिंह, निवासी हल्द्वानी
2. भवान सिंह, निवासी लमगड़ा, अल्मोड़ा
3. हेमचंद्र महतोलिया, निवासी बिंदुखत्ता, नैनीताल
4. पान सिंह, निवासी जैती, अल्मोड़ा
कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुल्तानपुर पट्टी SI सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह अधिकारी तथा कांस्टेबल नवल किशोर, कैलाश काला और रमेश पांडे शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



