रुद्रपुर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “नशा मुक्त देवभूमि” संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधमसिंहनगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध चरस के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को रेलवे फाटक के आगे सैनिक फार्म मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में सुमित सिंह चमयाल के कब्जे से 1 किलो 43 ग्राम तथा योगेश लमगड़िया के कब्जे से 107 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 1 किलो 150 ग्राम चरस, दो मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में थाना पंतनगर में एफआईआर संख्या 107/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरामद चरस को चम्पावत जनपद के पाटी क्षेत्र निवासी नीरज बिष्ट से लेकर आए थे। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है और सप्लायर समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमित सिंह चमयाल निवासी ग्राम पखोंटी, थाना पाटी, जनपद चम्पावत तथा योगेश लमगड़िया निवासी कटना, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल शामिल हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।



