भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से उत्तराखंड के तीन दिवसीय मैराथन दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस महत्वपूर्ण प्रवास को लेकर प्रदेश भाजपा ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम प्रमुखों के साथ बैठक कर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया है।
तय कार्यक्रम के अनुसार, आज शाम 4:35 बजे नितिन नवीन जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में उनका भव्य स्वागत करेंगे। पार्टी द्वारा 25 से अधिक स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। हालांकि पार्टी ने स्वागत कार्यक्रमों में उत्साह के साथ सादगी बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया है।
एयरपोर्ट से सीधे बैठकों का सिलसिला
राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम 6:15 बजे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित होगी। इसके तुरंत बाद राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ विशेष चर्चा कर संगठन और सरकार के समन्वय पर मंथन किया जाएगा।
दूसरे दिन होगा ‘महामंथन’
29 मई को नितिन नवीन का पूरा दिन बैठकों और सांगठनिक चर्चाओं में व्यस्त रहेगा। दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के साथ होगी। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे।
सुबह 11 बजे राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। दोपहर 2 बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ विस्तृत सांगठनिक चर्चा की जाएगी।
शाम 4 बजे प्रदेश भर के मेयर, नगर पालिका एवं पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक होगी। वहीं देर शाम मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ संवाद कर आगामी चुनावी रणनीति और मीडिया प्रबंधन पर चर्चा की जाएगी।
टपकेश्वर महादेव दर्शन और युवाओं से संवाद
30 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे गढ़ी कैंट स्थित बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और दुर्गामल्ल मंडल की बूथ समिति 138 की बैठक में शामिल होंगे।
सुबह 11 बजे सिंहनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
तीन दिवसीय प्रवास पूरा करने के बाद नितिन नवीन शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।



