टिहरी पुलिस लाइन चंबा में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में अनुशासन, फिटनेस और नेतृत्व का शानदार समन्वय देखने को मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने खुद जवानों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और पुलिस बल को फिट एवं अनुशासित रहने का संदेश दिया।

परेड के दौरान आधुनिक शस्त्र संचालन एवं सामरिक प्रशिक्षण भी कराया गया। एसएसपी ने जवानों की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

इसके बाद एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान भोजनालय, व्यायामशाला, परिवहन शाखा और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए भोजन की गुणवत्ता बेहतर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और पुलिस कर्मियों की फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने आउटडोर और इंडोर क्लास को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक मजबूत, अनुशासित और फिट पुलिस बल ही बेहतर कानून व्यवस्था की पहचान होता है।

टिहरी पुलिस का यह प्रयास न केवल जवानों का मनोबल बढ़ा रहा है, बल्कि पुलिस विभाग में अनुशासन और फिटनेस की नई मिसाल भी पेश कर रहा है।



