रुद्रपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। परेड में पुलिस बल के सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरे अनुशासन, एकरूपता और उत्साह के साथ शामिल हुए।

परेड के दौरान ड्रिल, शारीरिक व्यायाम और अन्य अनुशासनात्मक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्फूर्ति और टीम भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि नियमित परेड अभ्यास से पुलिसकर्मियों में आत्मविश्वास, सहनशक्ति और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिससे वे अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर पाते हैं।
इस मौके पर एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सजग और अनुशासित रहकर कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।



