बाजपुर। एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में बाजपुर पुलिस ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर बंदूक भी बरामद कर ली गई है।
जंगल गश्त के दौरान हुई थी फायरिंग
दिनांक 17 फरवरी 2026 को बरहनी वन प्रभाग के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर दी कि 14 फरवरी की रात गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दलजीत सिंह उर्फ डल्लू अपने साथियों के साथ अवैध कटान और असलहे के साथ जंगल की ओर गया है।
प्रातः करीब 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर वन विभाग की टीम को पांच मोटरसाइकिल दिखाई दीं, जिन पर खैर की लकड़ी लदी थी। टीम द्वारा रुकने का संकेत देने पर आरोपी असंतुलित हो गए और लकड़ी के गिल्टे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दलजीत सिंह और उसके साथियों ने वन कर्मियों पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।
घटना के संबंध में FIR संख्या 40/26 धारा 109(1), 191(2), 191(3), 221 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सघन तलाश के बाद गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
18 फरवरी 2026 की देर रात पुलिस ने बरहनी क्षेत्र से मुख्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू (27 वर्ष), निवासी हरसान बरहेनी, बाजपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में प्रयुक्त बंदूक जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की।
12 बोर बंदूक बरामद
अभियुक्त की निशानदेही पर हरसान कपकोट रोड के पास झाड़ियों से 01 अदद 12 बोर बंदूक बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि इसी हथियार से वन विभाग की टीम पर फायरिंग की गई थी।
गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम
नरेश चौहान – प्रभारी निरीक्षक, बाजपुर
संदीप शर्मा – प्रभारी चौकी बरहनी
धीरेंद्र परिहार – उप निरीक्षक
हेड कांस्टेबल दीपक कपड़े
कांस्टेबल सुरेश बिष्ट
पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और अवैध कटान व वन अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



