रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के दौरान जुलूस में हथियार लहराने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया है। साथ ही डीजे लगे टाटा 407 वाहन और एक मोटरसाइकिल को सीज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को श्याम टॉकीज तिराहा, आवास विकास के पास एक टाटा 407 में तेज आवाज में डीजे बजाने और उसके साथ कुछ युवकों द्वारा हथियार लहराने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया और उसे एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं में सीज कर दिया। पुलिस के निर्देशों के बावजूद मौके से नहीं हटने पर तीन लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
इसी मामले में 16 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि जुलूस के दौरान हथियार लहराने वाले कुछ युवक मोदी मैदान के पास मौजूद हैं। पुलिस ने आंचल दूध की दीवार के पास घेराबंदी कर राजीव, हर्ष उर्फ भोला और अभिषेक उर्फ कालू को पकड़ा। तलाशी में अभिषेक के पास से फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ, जबकि राजीव और हर्ष की निशानदेही पर झाड़ियों से दो अवैध कापे बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा मामले की वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है।
पुलिस कार्रवाई में अभय विश्वकर्मा, मो. हसन और सक्षम राजपूत को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बरामदगी: दो अवैध कापे, एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक टाटा 407 डीजे वाहन।



