रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर के मालधन क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाश चंदन सागर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को चंदन सागर की लोकेशन हाथीडांगर क्षेत्र में मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी वन विभाग के 64 नंबर गेट के पास जंगल की ओर भाग गया। तलाशी अभियान के दौरान जंगल में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम और उनके वाहनों को निशाना बनाते हुए करीब तीन राउंड फायरिंग की, जिससे पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को चारों ओर से घेर लिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली चंदन सागर के पैर में लगी, जो आर-पार हो गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



