रुद्रपुर। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रुद्रपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर के नेतृत्व में पुलिस, बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) और डॉग स्क्वाड के साथ शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रोडवेज, डीडी चौक, इंदिरा चौक, बाटा चौक, भगत सिंह चौक, गल्ला मंडी और मुख्य बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं लावारिस वस्तुओं की गहन जांच की गई। सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस ने लगातार निगरानी रखी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रहे।
इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।



