रुद्रपुर/नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस 6/7 अगस्त 2026 की रात वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस ने पीछा कर गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में आरोपी को घेर लिया। इस दौरान बाइक फिसलने के बाद आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगा। कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय और नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



