रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 102 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लाखों रुपये मूल्य के एंड्रॉइड और आईफोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी (SOG) रुद्रपुर द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलते ही पुलिस तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर फोन को सर्विलांस पर लगाती है और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से उसकी तलाश शुरू कर देती है।
एसओजी रुद्रपुर की टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के दम पर देश के विभिन्न राज्यों एवं स्थानीय क्षेत्रों से कुल 102 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए।
पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर कई लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने ऊधम सिंह नगर पुलिस की तत्परता एवं कार्यशैली की खुलकर सराहना की।
मोबाइल स्वामियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन कभी वापस मिल पाएगा, लेकिन ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिस तेजी और तकनीकी दक्षता से मोबाइल बरामद कर लौटाए, वह बेहद सराहनीय है।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर बिना देर किए निकटतम थाना या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



