रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को गति देते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ANTF रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 16 लाख रुपये कीमत की 52.0 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून को चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में सचिन सिंह के पास से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के पास से 11.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने नेपाल के लोगों तक स्मैक की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई के दौरान स्मैक के अलावा तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (UP26AV1104), तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, बैंक कार्ड और नगदी भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऊधमसिंहनगर पुलिस “नशा मुक्त देवभूमि” के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।



