24.3 C
London

“नशे में ड्यूटी करने वालों की खैर नहीं: SSP अजय गणपति का सख्त संदेश, बर्खास्तगी तक होगी कार्यवाही “

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस बल में अनुशासन, फिटनेस और पेशेवर कार्यशैली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे कर्मियों को बर्खास्त भी किया जा सकता है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा के अनुरूप आचरण करना चाहिए।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। यदि कोई पुलिसकर्मी नशे की हालत में ड्यूटी करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस दौरान उन्होंने अपराधियों, माफियाओं एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

एसएसपी अजय गणपति ने पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस पर भी विशेष जोर देते हुए नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से फिट पुलिसकर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकता है।

उन्होंने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Manish Kashyap
Manish Kashyap
हमारा उद्देश्य देश, प्रदेश की हर ताजा खबर सत्यता के साथ सबसे तेज सबसे पहले आप तक पहुंचाना है।
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page