रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और रिहायशी इलाके में दहशत फैलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह सफलता हासिल हुई।

पुलिस के अनुसार 10 जून को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर हंगामा करने और पिस्टल दिखाकर धमकाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटनास्थल से पुलिस ने एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल की करीब एक माह पूर्व आत्महत्या हो गई थी। परिजन इसके लिए पड़ोस में एसी की दुकान संचालित करने वाले रमन कक्कड़ को जिम्मेदार मान रहे थे। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान यह भी आशंका जताई गई कि आरोपी दोबारा पीड़ित पक्ष को नुकसान पहुंचाने की योजना बना सकते हैं।
15 जून को मिली सूचना के आधार पर बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी और रम्पूरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर (उत्तर प्रदेश) के खानपुर मार्ग पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आने वाले आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
बरामदगी
एक लोडेड .30 बोर पिस्टल
.30 बोर के 6 जिंदा कारतूस
गिरफ्तार आरोपी
रमन कक्कड़ (32 वर्ष), निवासी केसरपुर, रुद्रपुर
दीपक कुमार (26 वर्ष), निवासी सकैनिया, गदरपुर
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



